
सिटी हेराल्ड। इटारसी
11 जुलाई को मुस्कान संस्था के शक्ति सदन महिला आश्रम में रह रही बेटी दुल्हन बनकर विदा होगी। आज 21 मई को बेटी की सगाई धूमधाम से हुई। मुस्कान संस्था के संचालक मनीष सिंह ठाकुर अब तक 4 बेटियों का कन्यादान कर चुके हैं।
मुस्कान संस्था में रहने वाली परिवार से बिछडी बेटी उर्मिका की सगाई का कार्यक्रम आज ईश्वर रेस्टारेंट में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम के साक्षी क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं मप्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ सीतासरन शर्मा बने। समारोह में उनके अलावा एसडीओपी इटारसी महेंद्र सिंह चौहान, टीआई गौरव बुंदेला, विधायक प्रतिनिधि जगदीश मालवीय, कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष पंकज राठौर, भाजपा नगर महामंत्री राहुल चौरे, बसंत चौहान सहित अन्य मौजूद थे। संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने बताया कि बेटी उर्मिला का विवाह भोपाल में रहने वाले युवक शुभम राठौर से तय हुआ है। आज शुभम के परिजन व रिश्तदार सगाई के लिए इटारसी आए थे।
11 साल से मुस्कान में रह रही बालिका-
बालिका उर्मिला मुस्कान संस्था में करीब 11 साल से रह रही है। सीडब्ल्यूसी के माध्यम से उर्मिला यहां आई थी। मुस्कान संस्था के संचालक श्री ठाकुर ने बताया कि उर्मिला को अपने पिछले जीवन के बारे में कुछ भी नहीं पता। उसके माता पिता कौन है, वह कहां की रहने वाली है। जब वह 18 वर्ष की हो गई थी तो मुस्कान बालिका गृह से उन्होंने पालक बनकर उसे प्रशासन के माध्यम से महिला आश्रम में आश्रय दिया। तभी से उर्मिला यहां रह रही है।
11 जुलाई को होगा विवाह-
संस्था के संचालक श्री ठाकुर ने बताया कि भोपाल के शुभम राठौर से उर्मिला का विवाह तय हुआ है। शुभम के परिजनों के साथ तय किया है कि 11 जुलाई को उर्मिला का विवाह पहले कोर्ट के माध्यम से और इसके बाद हिंदू रीति रिवाज से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि संस्था अब तक 4 बालिकाओं का कन्यादान कर चुकी है।